उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर छोई गांव के पास हुआ, जहां एक अज्ञात कार, टेंपो और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रोशन प्रीत (19 वर्ष) और जश्नदीप (19 वर्ष) निवासी कुंडेश्वरी, काशीपुर (उधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। दोनों युवक पेशे से स्कूल वैन चालक थे और किसी वाहन के पार्ट्स लेने के लिए बाइक से हल्द्वानी जा रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छोई गांव के पास एक अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टेंपो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में टेंपो चालक मोहम्मद असलम, निवासी गूलरघट्टी, रामनगर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।




