अपडेट: उत्तरकाशी में 13000 फीट पर हिमस्खलन, 21 पर्वतारोही फंसे, दो की मौत, बचाव दल भेजे

ख़बर शेयर करें -

उत्तरकाशी। कॉर्बेट हलचल
केदारनाथ के बाद अब उत्तरकाशी जिले में मंगलवार को हिमस्खलन की बड़ी घटना सामने आई है। इसके चलते वहां द्रौपदी का डांडा-2 पर्वत चोटी में पर्वतारोहण की ट्रेनिंग ले रहे नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के प्रशिक्षार्थी और प्रशिक्षक बर्फ के पहाड़ पर फंस गए हैं। आठ लोगों को रेस्क्यू करने के बाद भी निम के 21 प्रशिक्षक/प्रशिक्षार्थी अभी भी फंसे हुए हैं। चिंता की बात है कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है।


वायु सेना से मदद मांगी
बर्फ के पहाड़ पर फंसे प्रशिक्षार्थियों को बचाने के लिए देहरादून से एसडीआरएफ की टीमें भेजी गईं हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से वार्ता कर रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने की मदद मांगी है। सीएम धामी ने फंसे प्रशिक्षार्थियों के लिए सेना की मदद के लिए अनुरोध किया है, जिसको लेकर उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर सम्भव सहायता देने के लिए आश्वस्त किया है।  

उत्तरकाशी में पर्वतारोही दल के फंसने की सूचना के बाद देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपैड से राहत के लिए जाते एसडीआरएफ के जवान।


बचाव दल राहत कार्य में जुटा
प्रशिक्षार्थियों को जल्द से जल्द सकुशल बाहर निकालने के लिए निम की टीम के साथ जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी के जवान बचाव कार्य में लगे हैं। आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि ट्रेनिंग में प्रशिक्षक व प्रशिक्षणार्थी सहित कुल 175 लोग थे।  इसमें 29 लोग हिमस्खलन की चपेट में आये हैं। 8 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है, 21 लोगों का रेस्क्यू कार्य गतिमान है। रेस्क्यू के लिए हैली की मदद ली जा रही है।


रक्षा मंत्री ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हिमस्खलन की वजह से फंसे प्रशिक्षार्थियों को बचाने के लिए हर संभव मदद की जाएगी। मालूम हो कि सिंह आज से दो दिन के उत्तराखंड दौरे पर आने वाले हैं। वह चमोली जिले स्थित माणा और औली में जाकर चीन बॉर्डर पर सैनिकों के साथ दशहरा मनाएंगे। 


हेल्पलाइन नंबर जारी
उक्त स्थान पर संचार सुविधा के लिए नेहरू पर्वतरोहण संस्थान के 2 सैटेलाईट फोन (8991122725, 8991117711) उपलब्ध हैं। इसके साथ समन्वय के लिए विशाल रंजन, रजिस्ट्रार, एनआईएम (9568919195, 9412420840) और देवेन्द्र सिंह पटवाल, आपदा प्रबन्धन अधिकारी, (9456147974) तैनात हैं।