देश के जम्मू से बड़ी दुखद खबर सामने आ रही है।यहां नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 12 लोगों की मौत होने की सूचना है।
फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि यह हादसा तड़के सुबह लगभग 2:45 बजे हुआ बताया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की पुलिस ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। सोशल मीडिया पर भगदड़ के कुछ वीडियो जारी हुए हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि नए साल के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान भगदड़ मच गई।
इसके चलते बहुत से श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही वापस लौट रहे हैं। मृतक लोगों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब से आए श्रद्धालु शामिल हैं।मेडिकल ऑफिसर डॉ. गोपाल दत्त ने बताया, ‘माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ से 12 लोगों की मौत हो गई है। अब तक सही आंकड़ा सामने नहीं आया है।
इसके अलावा घायलों को नारायणा अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया है।’ अब तक 14 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।


