उत्तराखंड में गैस कालाबाजारी के बड़े कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पूर्ति विभाग की टीम ने तीर्थनगरी ऋषिकेश में लंबे समय से संचालित हो रहे अवैध गैस कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। शिकायत मिलने के बाद की गई इस कार्रवाई में टीम ने मौके से कुल 146 गैस सिलेंडर जब्त किए, जिससे विभागीय अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
श्यामपुर क्षेत्र के लक्कड़घाट, गली नंबर तीन में पूर्ति विभाग की टीम ने एक निर्माणाधीन भवन पर छापा मारकर गैस की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी का बड़ा खुलासा किया। छापेमारी के दौरान भवन के अंदर से 71 व्यावसायिक और 12 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि पास खड़े दो लोडर वाहनों से 63 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए।
मौके से पांच बिजली से संचालित रिफिलिंग किट, 15 रिफिलिंग बांसुरी और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया। टीम को देखकर मौके पर मौजूद युवक फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गैस कालाबाजारी की शिकायत सीएम पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली और शिवमोहन भट्ट ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जब्त किए गए सभी सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से त्रिवेणी गैस एजेंसी, ऋषिकेश के गोदाम में रखवाया गया है, जबकि दोनों लोडर वाहनों को क्रेन की मदद से आईडीपीएल पुलिस चौकी पहुंचाया गया।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार यह अवैध गैस रिफिलिंग केंद्र किसी भी समय बड़ा हादसा बन सकता था।




