उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 25 मार्च 2026 को बेलबाबा क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कनिका पत्नी विजय (40 वर्ष), निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैम्प, जिला ऊधम सिंह नगर, को 203 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 60 लाख 90 हजार रुपये है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी और प्रभारी एसओजी के नेतृत्व में यह अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया। अभियान के दौरान महिला संदिग्ध प्रतीत होने पर पूछताछ और तलाशी ली गई, जिसमें अवैध स्मैक बरामद हुई। अभियुक्ता के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस महिला के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, ड्रग्स तस्करों की अवैध संपत्ति के खिलाफ जब्ती (Attachment) की कार्रवाई भी लगातार जारी है, ताकि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
पुलिस ने बताया कि जिले में युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और सभी थाना प्रभारियों व एसओजी टीम को सतर्कता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने 2,500 रुपये से पुरस्कृत किया। टीम में उ0नि0 मनोज कुमार (टीपी नगर चौकी प्रभारी), हे0कानि0 पुष्पा देवी, कानि0 अनिल टम्टा, कानि0 तारा सिंह, हे0कानि0 कुन्दन कठायत (एसओजी) और कानि0 भूपेन्द्र ज्येष्ठा (एसओजी) शामिल रहे।




