हल्द्वानी में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बनभूलपुरा क्षेत्र में पूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर घरेलू गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरते हुए तीन लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ बनभूलपुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान घरेलू गैस की कालाबाजारी की शिकायत सामने आई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के बाद रविवार को जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र के लाइन नंबर सात में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो दुकानों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत शिवम, शादाब और मुसैब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। छापेमारी के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय जोशी, पूर्ति निरीक्षक राहुल सिंह डांगी, जगमोहन नेगी, ललित मेर, सुबोध त्रिपाठी और गौरव जोशी भी टीम में शामिल रहे।




