उत्तराखंड पुलिस विभाग में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से दो इंस्पेक्टर और 11 सब-इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालें।
राजधानी देहरादून में एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने गुरुवार रात तबादला सूची जारी की। इसके तहत कोतवाली पटेल नगर के प्रभारी रहे चंद्रभान अधिकारी के हरिद्वार स्थानांतरण के बाद अब यह जिम्मेदारी इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं को सौंपी गई है। वहीं निरीक्षक राजीव रौथान को पुलिस लाइन से विकासनगर भेजा गया है।
सब-इंस्पेक्टर स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। नवीन डंगवाल को जॉलीग्रांट से रानीपोखरी, दुर्गेश कोठियाल को विकासनगर से बसंत विहार और अजय भट्ट को बसंत विहार से विकासनगर स्थानांतरित किया गया है। महिला उपनिरीक्षक शिल्पा सैनी को डालनवाला से साइबर क्राइम सेल में तैनाती दी गई है।
इसके अलावा जैनेंद्र राणा को ऋषिकेश से बिधौली चौकी, प्रवीण सैनी को बिधौली से ऋषिकेश, चिंतामणि मैथानी को एसओजी ग्रामीण से जॉलीग्रांट, शिवदत्त जमलोकी को पटेल नगर से डोईवाला और मीनू यादव को ऋषिकेश से रायवाला भेजा गया है। वहीं सूरज कंडारी और बलवीर सिंह को पुलिस लाइन से चकराता थाना में तैनात किया गया है।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर ज्वाइन करें और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इन तबादलों को प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




