उत्तराखंड में 12 हजार पदों पर जल्द होगी भर्ती : सीएम धामी

ख़बर शेयर करें -

आश्वस्त किया…..
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती घोटाले से नौजवानों के भविष्य पर असर नहीं पड़ेगा
खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में धामी ने दिया भरोसा

चमोली। कॉर्बेट हलचल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को युवाओं को भरोसा दिलाया कि हाल के दिनों में उजागर हुए भर्ती घोटाला से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होगा। पोखरी में 16वां हिमवंत कवि चन्द्रकुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव का शुभारंभ करते हुए धामी ने कहा कि सरकार जल्द 12 हजार रिक्त पदों की भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर रही है।


भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा मिलेगी
राज्य में भर्ती घोटालों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने  कहा कि राज्य के नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। दोषी और भ्रष्टाचारियों को कड़ी सजा दी जाएगी। युवाओं का समय खराब न हो इसके लिए लोक सेवा आयोग के माध्यम से शीघ्र अतिशीघ्र सात हजार पदों की परीक्षाएं संपन्न करने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही सरकार 12 हजार रिक्त पदों को भरने के लिए भी विज्ञप्ति जारी करने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को पोखरी में पोखरी में 16वां हिमवंत कवि चन्द्रकुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं पर्यटन शरदोत्सव का शुभारंभ किया।


कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल को नमन
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रकृति के चितेरे कवि चन्द्र कुंवर बर्त्वाल को श्रद्धांजलि दी। कहा कि प्रख्यात कवि बर्त्वाल ने मात्र 28 साल की उम्र में हिंदी साहित्य को अनमोल कविताओं का समृद्व खजाना दिया था। उनकी कविताओं में अटूट प्रकृति प्रेम झलकता है। जीवन के इस छोटे सफर में उन्होंने सात सौ से भी अधिक कविताएं, गीत, मुक्तक, निबंध आदि लिखकर एक इतिहास रचा है। हिमपण्डित शैल शिखर, सदानीरा कल कल करती नदियां, लंबे चौडे लहलहाते चारागाह, दूर दूर तक फैले चीड़, बांज, बुरांश, देवदार के घने जंगल, रंग बिरंगे फूलों से लदालद भरी घाटियां, पशु पक्षी, ऋतुओं का पट-परिवर्तन, घन गर्जन सभी का चमत्कारिक चित्रण उनकी कविताओं में मिलता है।


पोखरी के लिए विकास कार्यों की घोषणा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पोखरी नगर में सीसी व टाइल्स मार्गो के निर्माण, पोखरी नगर में नालों का निर्माण, नगर पंचायत पोखरी में सोलर लाइट स्थापित करने, पोखरी में मिनि स्टेडियम के अवशेष निर्माण कार्य हेतु धनराशि की स्वीकृति, पुष्करेश्वर महादेव मंदिर पोखरी गांव तक सिंचाई सिंचाई विभाग के नाला निर्माण कार्य और राजकीय पोखरी मेले को 5 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद भट्ट भी मौजूद रहे।


यह लोग रहे मौजूद
नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शॉल, मोमेंटों एवं चन्द्र कुंवर बर्त्वाल का चित्र भेंट किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, पूर्व थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुशीला तिवारी, कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी हिमांशु खुरान, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, एडीएम डा.अभिषेक त्रिपाठी, मेलाधिकारी/एसडीएम कमलेश मेहता, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।