उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इसी कड़ी में ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां दो युवकों की मौत हो गई।
यह भीषण दुर्घटना चकरपुर-बनबसा मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे, तभी सामने से आ रही कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के दो टुकड़े हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही चकरपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को खटीमा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय नावेद खान और 25 वर्षीय नमन के रूप में हुई है, जो खटीमा के वार्ड नंबर 13 के रहने वाले थे। दोनों की शादी हाल ही में हुई थी, जिससे इस हादसे ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
दुर्घटना का पूरा मंजर कार में लगे डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ओवरटेक के दौरान बाइक सीधे सामने से आ रही कार से टकरा जाती है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। चकरपुर चौकी प्रभारी एसआई विकास कुमार के अनुसार, जांच प्रक्रिया जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।




