उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में एक बार फिर सड़क हादसे ने डरावना रूप लिया। नैनीताल जिले के खुपी क्षेत्र में केएमओयू लिमिटेड की एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बस हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही थी और उसमें कुल 14 लोग सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच लोगों ने मदद के लिए तुरंत सहायता बुलाई।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को भवाली और हल्द्वानी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
एसडीआरएफ के सब-इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी ने बताया कि बस अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और इस दर्दनाक घटना का विस्तार से पता लगाया जा रहा है।




