निशाने पर कर्णवाल…..
उत्तराखंड महिला आयोग अध्यक्ष ने कर्णवाल की भाषा को अभद्र बताया
फेसबुक पर टिप्पणी करने वाले कर्णवाल की हो सकती है पद से छुट्टी
देहरादून। कॉर्बेट हलचल
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) नेता विपिन कर्णवाल की ओर से अंकिता भंडारी के पिता पर अभद्र टिप्पणी के मामले को राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
अंकिता हत्याकांड पर सोशल मीडिया में आरएसएस नेता की ओर से की गई पोस्ट का राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने इसे अभद्र भाषा का प्रयोग बताते हुए कार्रवाई की बात कही है। आरएसएस के एक नेता ने मंगलवार को अपने फेसबुक अकांउट पर पोस्ट जारी की है, जिसमें उन्होंने अंकिता की हत्या के लिए उसके पिता को जिम्मेदार ठहराया। राज्य महिला आयोग ने उनकी पोस्ट का संज्ञान लिया है।

टिप्पणी शर्मनाक : महिला आयोग
आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने ‘हिन्दुस्तान’ से बातचीत में बताया कि यह टिप्पणी शर्मनाक है, जिन शब्दों का प्रयोग किया गया है, वह अभद्र हैं। कोई भी मां-बाप अपने बच्चों को इसलिए पालता पोषता है कि ताकि आगे उनका सहारा बन सकें। बेटी-बेटा दोनों को समान अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि आयोग पोस्ट की निंदा करता है, गलत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आयोग पोस्ट की पूरी तरह पुष्टि करवा रहा है, इस मामले में जल्द ही नोटिस भेजकर पुलिस को मामले में कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।
कर्णवाल का संघ से लंबे समय से नाता
विभाग प्रचार प्रमुख विपिन कर्णवाल लंबे समय से आरएसएस से जुड़े हैं। संघ में लगातार सक्रिय भूमिका के कारण उन्हें विभाग प्रचार प्रमुख जैसी अहम जिम्मेदारी दी गई। माना जा रहा है कि संघ के पद से उनकी जल्द छुट्टी हो सकती है। इस बाबत संघ के पदाधिकारियों में मंथन चल रहा है।
विनोद आर्य भी संघ से जुड़े हैं
अंकिता हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य भी संघ से जुड़े हैं। विनोद आर्य ने अपने फेसबुक पेज पर भी संघ पदाधिकारियों के साथ खिंचवाई फोटो अपलोड की हैं। संघ के गणवेश में मौजूद उनकी कई फोटो हैं। उन्हें अब सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
कुछ समय से विवादों में संघ पदाधिकारी
एक महीने से उत्तराखंड में संघ के पदाधिकारी लगातार विवादों में हैं। एक के बाद एक नया विवाद संघ की छवि को प्रभावित कर रहा है। पहले विधानसभा भर्ती में संघ पदाधिकारियों के परिजनों के भर्ती होने पर विवाद खड़ा हुआ। इस विवाद के कारण भी संघ की खासी किरकिरी हुई। ये विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अंकिता हत्याकांड के आरोपियों का संघ पृष्ठभूमि वाले परिवारों से जुड़ा होना सामने आया। मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य भी संघ से जुड़े हैं। अब मंगलवार को विभाग प्रचार प्रमुख की टिप्पणी ने रही सही कसर भी पूरी कर दी।


