उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग तहसील अंतर्गत सिंद्रवाणी क्षेत्र में गुलदार द्वारा एक बच्चे को उठाए जाने की दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
घटना के मद्देनज़र बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चार और पांच फरवरी को क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। अवकाश घोषित किए गए विद्यालयों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका, हिलोरीधार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका तथा जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं। साथ ही इन विद्यालयों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन का अवकाश रहेगा।
मंगलवार को न्याय पंचायत सारी के अंतर्गत सिंद्रवाणी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पांच वर्षीय बच्चे को गुलदार उसकी मां के हाथ से खींचकर ले गया। घटना के बाद से गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है। बच्चे की तलाश लगातार जारी है।
घटना के बाद ग्रामीण स्वयं सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं और प्रशासन से सहयोग की उम्मीद लगाए बैठे हैं। जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। फिलहाल प्रशासन और ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से खोज अभियान जारी है, जबकि पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।




