रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने औली सैन्य स्टेशन में जवानों के साथ किया शस्त्र पूजन

ख़बर शेयर करें -

जोशीमठ। कॉर्बेट हलचल
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को चीन सीमा पर सेना के जवानों के साथ दशहरा मनाने उत्‍तराखंड पहुंचे। बुधवार को वह चमोली के औली सैन्‍य स्‍टेशन पहुंचे और यहां जवानों के साथ शस्‍त्र पूजन किया। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि भारत दुनिया में एकमात्र ऐसा देश है जहां शस्‍त्रों की पूजा होती है।

उत्तराखंड के औली सैन्य स्टेशन में बुधवार को शास्त्रों की पूजा अर्चना करते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह।

इस दौरान उन्‍होंने कहा कि हमें विश्वास है कि हमारा देश हमारे सशस्त्र बलों के हाथों में सुरक्षित है। हमारे सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बलों के जवान हमारे देश का गौरव हैं।

ओली सैन्य स्टेशन में बुधवार को शस्त्रों की पूजा अर्चना के साथ सेना के वाहन को देखते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह।

बुधवार को रक्षा मंत्री दशहरा के पावन पर्व पर शस्त्र पूजन में शामिल हुए। उनका चमोली जिले के माणा में चीन सीमा पर सेना की रताकोण पोस्ट और औली में दशहरा मनाने का कार्यक्रम है।

इसके बाद राजनाथ सिंह सेना के एमआइ हेलीकाप्टर से देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित जीटीसी हेलीपैड पहुंचे। यहां सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, हरिद्वार सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, कैंट विधायक सविता कपूर व अन्य भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।

रात को रक्षा मंत्री गढ़ी कैंट में आयोजित ‘बड़ा खाना’ में शामिल हुए। इस दौरान सेना के जवानों ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए। रक्षा मंत्री ने सेना के जवानों के साथ बातचीत भी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे समेत कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।