उत्तराखंड में एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। किशोरी को नशीला पदार्थ देकर जंगल में रात भर गैंगरेप किया गया। सुबह उसे वापस घर भेजा गया। मामले में तीन युवकों पर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूरा मामला राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र का है। शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि वह लोगों के कपड़े धोकर अपना भरण-पोषण करती हैं। 12 मार्च की शाम उसने अपनी बेटी को कुछ कपड़े देने भेजा। इसी दौरान एक आरोपी ने किशोरी को फोन कर हरिद्वार बाईपास बुलाया।
आरोप है कि आरोपी ने अपनी दो साथियों के साथ मिलकर किशोरी को जंगल ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
सुबह किशोरी को ई-रिक्शा में बैठाकर घर भेजा गया। घर पहुंचते ही वह ई-रिक्शा से उतरते समय चक्कर खाकर गिर पड़ी। होश आने पर उसने मां को पूरी आपबीती बताई।
पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।




