हल्द्वानीः घर का ताला तोड़कर उड़ाए जेवर, CCTV से पकड़ा गया आरोपी

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और नगदी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1, थाना मुखानी निवासी हेमचंद्र लोहनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह 2 मार्च से 5 मार्च 2026 तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला (जिला अल्मोड़ा) गए हुए थे। 5 मार्च को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने के जेवरात और नगदी चोरी कर ले गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे में दूसरी कामयाबी, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र को सौंपी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मैनुअल इंटेलिजेंस के माध्यम से भी संदिग्ध के बारे में जानकारी जुटाई गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में सनसनीः जंगल में बोरे में मिला महिला का सड़ा-गला शव

पुलिस के अनुसार 13 मार्च को पुलिस टीम को हल्दीखाल जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25) पुत्र संतोष कुमार निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, जवाहर ज्योति काठगोदाम बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण और नगदी बरामद हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद सामान में मटरनुमा मंगलसूत्र, पाइपनुमा मंगलसूत्र, दो पौंची, नथ व बैग टीका, दो जोड़ी झुमके, 2250 रुपये नगद और एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले भी थाना काठगोदाम में एफआईआर दर्ज है और अन्य थानों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  सेहत, पार्किंग और औद्योगिक संस्थान: CM धामी ने बड़े पैमाने पर विकास कार्यों को दी हरी झंडी

चोरी की घटना के सफल खुलासे पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2000 रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कांस्टेबल रोहित कुमार, बलवंत सिंह, धीरज सुगड़ा, रविंद्र खाती और एसओजी के कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार मामले के खुलासे में कांस्टेबल बलवंत सिंह और रोहित कुमार ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर संदिग्ध की पहचान करने में अहम भूमिका निभाई।

Ad_RCHMCT