हल्द्वानी। नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर, राजस्थान से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया और टीकाकरण के लिए आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें इस टीके के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में देश में इस बीमारी के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई। इस स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिससे भविष्य की पीढ़ियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख 14 वर्षीय किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है तथा कोल्ड-चेन प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार हुआ है। पहले देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 819 हो गए हैं। मेडिकल शिक्षा में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आयुष्मान भारत के माध्यम से करोड़ों परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। उत्तराखंड में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें पाँच संचालित हैं और दो निर्माणाधीन हैं।
देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित किए गए हैं, जहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और यूरोलॉजी जैसी उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध हैं। हल्द्वानी में राज्य के पहले आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य जारी है। साथ ही हेली एंबुलेंस सेवा और निःशुल्क पैथोलॉजिकल जांच सुविधा भी संचालित की जा रही है।




