उत्तराखंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूर्व भाजपा विधायक के निजी होटल के मैनेजर पर लाखों रुपये की नकदी और सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रकम और जेवर वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
मामला के हरिद्वार जिले से ज्वालापुर क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक सुरेश राठौर के दामाद सोमिल चौधरी ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया कि सिडकुल क्षेत्र स्थित होटल में देवेश शर्मा मैनेजर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि वह तीन लाख रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना गायब हो गया। जब उससे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि देवेश शर्मा ने शुरुआत में ईमानदारी और दक्षता से काम कर होटल मालिक का भरोसा जीता था। इसी विश्वास के चलते उसे होटल के बैंक खाते, चेकबुक और डेबिट कार्ड जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। आरोप है कि कुछ समय बाद उसने कर्मचारियों का वेतन देना बंद कर दिया और पिछले तीन महीनों से होटल स्टाफ को भुगतान नहीं किया गया। इसी दौरान वह कथित रूप से नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी हाल के दिनों में हरिपुर कलां क्षेत्र में रह रहा था। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




