उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नैनीताल जिले के कोटाबाग विकासखंड की न्याय पंचायत बैलपड़ाव स्थित सिंचाई डाक बंगला परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनी गईं और पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने 215 से अधिक शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकांश का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण सिंचाई, जंगली जानवरों से फसल क्षति, विद्युत, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और भूमि संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रशासन जनता के द्वार पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। शिविर में आधार संबंधी समस्याओं पर कोटाबाग एवं बैलपड़ाव क्षेत्र में शीघ्र आधार केंद्र खोलने के निर्देश दिए गए। भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण हेतु प्रत्येक शनिवार को तहसील स्तर पर कार्रवाई करने को कहा गया।
किसान सम्मान निधि से वंचित पात्र किसानों को तत्काल लाभ दिलाने, नहरों व गूलों की मरम्मत, फसल सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग, भू-कटाव रोकथाम, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती तथा विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लगभग 500 लोगों ने सीधा लाभ लिया। स्वास्थ्य परीक्षण, कृषि यंत्र वितरण, आधार संशोधन, पेंशन, श्रमिक पंजीकरण, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सहायता सामग्री वितरण सहित अनेक सेवाएं मौके पर ही प्रदान की गईं।




