Corbetthalchal रामनगर- निकटवर्ती गांव उदयपुर बंदोबस्ती में स्थित एक स्टोन क्रेशर में खनन सामग्री लोड करने वाले लोडर की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला के पति की भी एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। मृतका के तीन छोटे छोटे बच्चे बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम उदयपुरी बंदोबस्ती निवासी पूनम देवी (30 वर्ष) पत्नी स्व. अजब सिंह क्षेत्र के ही एक स्टोन क्रेशर में काम कर रही थी। इसी दौरान खनन लोड करने वाला एक लोडर सामने से अचानक आने से पूनम उसकी चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब लोडर पीछे की ओर आ रहा था। इसी बीच महिला उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद क्रेशर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पंचनामे के बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक महिला के पति अजब सिंह की भी एक वर्ष पूर्व में मौत हो गई थी। मृतका के तीन छोटे छोटे बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बच्चों के भविष्य को देखते हुए प्रशासन से प्रभावित परिवार के लिए उचित मुआवज़े की मांग की है।


