पुष्कर सिंह धामी ने 1100 कन्याओं का पूजन कर दिया नारी सम्मान का संदेश

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रेमनगर, देहरादून स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और संस्कारों के माध्यम से शक्ति की उपासना का महापर्व है।

मुख्यमंत्री ने 1100 कन्याओं के पूजन को अत्यंत सौभाग्यपूर्ण बताते हुए आयोजन समिति की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में नारी सम्मान को बढ़ावा देते हैं और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  मंदिर चोरी का खेल खत्म: हल्द्वानी पुलिस ने किया तेजी से पर्दाफाश

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी का स्वरूप माना गया है। बेटियां अपने संस्कार, स्नेह और त्याग से समाज को सशक्त और समृद्ध बनाती हैं और हमारी परंपराओं की सशक्त वाहक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें बेटियों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा और प्रोत्साहन के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें छात्रवृत्ति, कक्षा 9 में प्रवेश पर साइकिल वितरण, 12वीं पास करने पर प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  पहली बार डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, फील्ड ट्रेनरों की ट्रेनिंग शुरू

उन्होंने बताया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह के लिए ₹61 हजार और व्यक्तिगत विवाह के लिए ₹55 हजार तक की सहायता दी जा रही है। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विवाह सहायता के रूप में ₹50 हजार तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी पुलिस का बड़ा एक्शन: 27 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार 

मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे हर बेटी की सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति का संकल्प लें, ताकि कन्या पूजन की भावना वास्तविक रूप में सार्थक हो सके।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारा में मत्था टेका। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Ad_RCHMCT