उत्तराखंड में जनता की समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए राज्य में “जन-जन की सरकार, जनता के द्वार” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उधम सिंह नगर के शांतिपुरी में आयोजित शिविर में हंगामा और अफरा-तफरी का नजारा देखने को मिला, जब अचानक एक आवारा सांड पंडाल में घुस गया।
इस घटना से कार्यक्रम में मौजूद लोग और अधिकारियों में खलबली मच गई। काफी मशक्कत के बाद सांड को बाहर निकाला गया और कार्यक्रम फिर से सुचारू रूप से चलाया गया। इस दौरान 2038 लोगों की समस्याओं का समाधान भी किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा पशु लगातार फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं और सड़क पर लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन गए हैं। कार्यक्रम के दौरान हंगामा तब और बढ़ गया, जब किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने माइक छीन लिया।
प्रदेशभर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाना है। प्रशासन ने आवारा पशुओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।




