उत्तराखंड के प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि तय कर दी गई है। मंगलवार को यमुना जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर मंदिर समिति ने विधिवत मुहूर्त घोषित किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, धाम के कपाट 19 अप्रैल, रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने का शुभ समय दोपहर 12 बजकर 35 मिनट रखा गया है, जब कर्क लग्न, कृतिका नक्षत्र और आयुष्मान योग में विशेष पूजा-अर्चना के साथ द्वार खोले जाएंगे।
इस मौके पर मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में यमुनोत्री मंदिर समिति की अगुवाई में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जहां विधि-विधान से कपाट खुलने का मुहूर्त निकाला गया।
मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि कपाट खुलने से पहले मां यमुना की डोली सुबह 8:30 बजे खरसाली गांव से पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी। इस दौरान उनके भाई शनिदेव महाराज सोमेश्वर की डोली भी बहन को विदा करने के लिए साथ चलेगी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठेगा।




