उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस ने अमृत आश्रम के पास स्थित मंदिर से चोरी की गई सामग्री बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 20 मार्च को हेमचंद पंत ने कोतवाली मुखानी में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 19 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर पीतल व तांबे की मूर्तियां, घंटियां, आरती स्टैंड, आर्टिफिशियल पौची, गलोबंद, माइक, बैग और अन्य सामग्री चोरी कर ली।
तहरीर के आधार पर FIR दर्ज की गई और उप निरीक्षक रजनी आर्या को जांच सौंपी गई। एसएसपी डॉ. मंजू नाथ के निर्देश पर थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। लगातार निगरानी और मुखबिरों की मदद से 21 मार्च को संदिग्ध को हेडखान मंदिर कटघरिया के पास काठगोदाम बाईपास रोड की ओर जाते हुए पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 52 वर्षीय लाल सिंह के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी की गई पूरी सामग्री बरामद की गई, जिसमें काली माता, दुर्गा माता और गणेश जी की मूर्तियां, तांबे के लोटे, पीतल की घंटियां, आरती स्टैंड, आर्टिफिशियल झुमका-नथ, माइक, बैग, दीये, कटोरी और जनेऊ धागा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी का अपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
मामले में FIR संख्या 30/26 दर्ज की गई और धारा 305(a)/331(4) BNS के तहत अभियोग शुरू हुआ, बाद में धारा 317(2) BNS बढ़ा दी गई। पुलिस टीम में उप निरीक्षक रजनी आर्या, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा और कांस्टेबल राजेश जोशी शामिल रहे।




