अग्निवीर बनाने का झांसा देकर 200 युवाओं को ठगने वाले सेना के जवान समेत दो गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

शिकंजा….

पुलिस ने जालसाजी और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया
भर्ती न हुए युवाओं को पैसा मांगने पर धमकी देने का आरोप

रुद्रपुर। कॉर्बेट हलचल


उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना पुलिस ने सेना में अग्निवीर भर्ती कराने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने के आरोप में सेना के एक जवान समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों में एक 114 टी (टेरिटोरियल आर्मी) जाट रेजीमेंट का जवान है। वह छुट्टी पर आया था। पुलिस ने दावा किया है कि ये दोनों आरोपी अब तक 200 युवाओं से धोखाधड़ी कर चुके हैं। जबकि इनमें से 50 युवा खुद अपनी मेहनत के दम पर सेना में भर्ती हो गए थे।

सितारगंज और रीठासाहिब के हैं आरोपी
पुलिस ने बताया कि गुरुवार 3 नवंबर को तपस पुत्र गोविन्द मंडल निवासी प्रतापपुर नंबर 4 थाना नानकमत्ता की तहरीर पर विक्की मंडल पुत्र प्यारेलाल मंडल निवासी देवनगर शक्तिफार्म थाना सितारंगज और उसके पार्टनर पंकज सिंह पुत्र उत्तम सिंह निवासी ग्राम मछियाङ थाना रीठासाहिब चम्पावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इन दोनों पर आरोप है कि कि इन्होंने कई लड़कों से सेना के अग्निवीर में भर्ती कराने के लिए पैसे लिए थे। भर्ती ना होने की दशा में अपने रुपये वापस मागने वाले युवाओं के साथ मारपीट, गाली-गलौज की और तमंचा दिखाकर जाने से मारने की धमकी दी। इनमें विक्की मंडल सेना की ट्यूटोरियल आर्मी में फर्रुखाबाद में तैनात है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड एसटीएफ का नशा तस्करों पर प्रहार, 90 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

24 घंटे बाद गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष दिनेशपुर के नेतृत्व में चार टीम बनाई। पुलिस ने इनकी गिरफ़्तारी के लिए कई जगह दबिश दी। शुक्रवार को एक सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने विक्की मंडल और उसके पार्टनर पंकज सिंह को दिनेशपुर से गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- नकली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

आरोपियों के कब्जे से बरामद सामान
पुलिस को आरोपियों के कब्जे से एक कार टाटा एन्ट्रोज कार (यूके 06 BA 9261), ₹43,000 की नकदी, 1 तमंचा 315 बोर, 1 जिन्दा कारतूस 315 बोर, कई लोगों के शैक्षिक प्रमाण पत्र, 5 डेबिट/क्रेडिट कार्ड, 2 कैन्टीन कार्ड, 2 आधार कार्ड, एक सेना का परिचय पत्र आदि सामान बरामद किया गया।

पैसा देने वाले 50 लड़के अपनी मेहनत से भर्ती
आरोपियों के खिलाफ़ दर्ज मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि इन जालसाजों ने लगभग 200 लड़कों से भर्ती के नाम पर पैसे लिए। इनमें लगभग 50 लड़के अपनी मेहनत से ही आर्मी में अग्निवीर के लिए भर्ती हुये। आरोपियों ने बताया कि जो लड़के अपनी मेहनत से भर्ती हुये थे, उन्हें लगता था कि हमने उन्हें भर्ती कराया है। जो लड़के भर्ती हुये थे, हमने उन्हें विश्वास में लेकर उनसे भी कहा है कि और लड़को को भर्ती के लिए भेजो।

यह भी पढ़ें 👉  फेमस होने की चाह में खतरनाक तरीके से दौड़ा रहे थे लग्जरी कारें, पुलिस की कार्रवाई, देखें वीडियो

पुलिस टीम को ईनाम
अभियुक्तों की 24 घण्टे के भीतर गिरफ्तारी  कर गिरोह का पर्दाफाश करने पर एसएसपी उधमसिंह नगर ने पुलिस टीम को  5000/- रुपये के नकद ईनाम देने की घोषणा भी की है।