उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिनमें आए दिन लोग अकाल मौत का शिकार हो रहे हैं। लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसों की मुख्य वजह बताया जा रहा है। इसी क्रम में हरिद्वार के धनौरी जस्वावाला मार्ग पर धनौरी बाजार में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना स्थल पर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सामान लोड किया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास से गुजर रही बाइक उसकी चपेट में आ गई।
हादसे में बाइक पर सवार महिला सड़क पर गिर गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घायल को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।




