रामनगर – पी.एन.जी.राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई,एनसीसी79यूके व 24यूके गर्ल्स बटालियन तथा रोवर रेंजर्स द्वारा आज ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’के शुभ अवसर पर महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया जिसका उद्घाटन महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ.धर्मेंद्र कुमार ने किया।
चीफ प्राक्टर डॉ.जी.सी.पन्त ने लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका एवं मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला।ग्यारहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस दि.25 जनवरी 2021 के अवसर पर केम्पस एम्बेसडर(स्वीप) एवं सचिव ईको क्लब डॉ.डी.एन. जोशी ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के विषय में बताते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग पूरे देश में शत-प्रतिशत मतदान हेतु प्रतिबद्ध है तथा सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचकीय प्रतिभागिता (स्वीप) के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र में जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा मतदान को सफल बनाने हेतु वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं,जिसमें प्रत्येक स्थान के 18वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवक-युवतियों के मतदाता पहचान पत्र, मतदाताओं के स्थान परिवर्तन, त्रुटि संशोधन आदि कार्यों को सक्रियता से पूर्ण किया जा रहा है।कोई भी मतदाता अपने स्थानीय बी.एल.ओ.,महाविद्यालय, तहसील परिसर आदि में जाकर सम्पर्क कर सकता है।
विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र हेतु निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन प्रक्रिया को भी समझाया तथा विद्यार्थियों को निर्वाचन साक्षरता क्लब,वोटर हेल्पलाइन एप तथा हेल्पनंबर 1950 की जानकारी दी।अंत में प्राचार्य महोदय द्वारा सभी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के सन्दर्भ में भारत निर्वाचन आयोग के उद्देश्यों को बताते हुए मतदान मे सक्रिय भागीदारी के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए निष्पक्षता, स्वतंत्रता एवं शान्तिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, समुदाय, भाषा तथा अन्य किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ग्रहण करायी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी, रोवर रेंजर्स के राहुल रिखाड़ी,ऋतिक भन्डारी,संगीता, सुशीला,अभिषेक बोरा,राहुल शाह,दिया बिष्ट,दिव्या मेहरा आदि अनेक केडेट्स, स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं तथा प्राध्यापकों में डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ दीपक खाती,डॉ.सुमन कुमार लेफ्टिनेंट(डॉ.)कृष्णा भारती आदि उपस्थित रहे।






