लोहड़ी उत्सव के दौरान कार में अचानक लगी आग, ऐसे टला बड़ा हादसा

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब लोहड़ी कार्यक्रम के दौरान खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। इस घटना से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हरिद्वार के चंद्राचार्य चौक पर चंद्राचार्य व्यापार मंडल द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी लोहड़ी का आयोजन किया गया था। व्यापारी और स्थानीय लोग लोहड़ी जलाकर उत्सव मना रहे थे। इसी दौरान लोहड़ी की आग से निकली चिंगारी पास में खड़ी कार तक पहुंच गई, जिससे देखते ही देखते कार आग की चपेट में आ गई। आग की लपटें उठते ही कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, गांजा गिरफ्तारी की रंजिश में चली गोलियां

सूचना मिलते ही मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। सीपीयू इंचार्ज हितेश कुमार के नेतृत्व में ट्रैफिक कर्मियों ने आसपास की दुकानों से अग्निशामक यंत्र मंगवाए और व्यापारियों के सहयोग से पानी की बाल्टियों के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को काफी हद तक काबू में कर लिया गया, जिससे पास में खड़े अन्य वाहनों और दुकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  हाईकोर्ट का अहम आदेश: मुख्य प्रशासनिक अधिकारी का ट्रांसफर निरस्त

स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से महज कुछ मिनट की दूरी पर फायर ब्रिगेड कार्यालय होने के बावजूद दमकल विभाग की टीम करीब 20 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची। तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और आग पर नियंत्रण पाया जा चुका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रैफिक पुलिस समय पर सक्रियता नहीं दिखाती, तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। सीपीयू इंचार्ज हितेश कुमार ने बताया कि लोहड़ी कार्यक्रम के दौरान कार में आग लगने की सूचना मिलते ही ट्रैफिक कर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह लोहड़ी की चिंगारी मानी जा रही है।

Ad_RCHMCT