ADG ने अधिकारियों को चेताया: अपराध मुक्त उत्तराखंड के लिए समयबद्ध कार्रवाई जरूरी

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने हल्द्वानी स्थित मीटिंग हॉल में जनपद नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के राजपत्रित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में दोनों जनपदों के क्षेत्राधिकारियों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई और लंबित विवेचनाओं, शिकायतों के निस्तारण, थानों के नियमित निरीक्षण और ई-साक्ष्य (e-Sakshya), NATGrid सहित अन्य महत्वपूर्ण पोर्टल्स पर डेटा अंकन की समयबद्ध कार्यवाही पर कड़े निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  शर्मनाक: किशोरी के साथ किया दुराचार, आरोपी गिरफ्तार

एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि CM हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों के उपयोग और अपराध मुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में विशेष रूप से चार फोकस एरिया पर जोर दिया गया। महिला अपराधों की विवेचना 60 दिन की अनिवार्य अवधि में पूरी न होने पर नाराजगी व्यक्त की गई और सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। नशा तस्करी, विशेष रूप से ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ के मामलों में जांच की गुणवत्ता सुधारने और बड़े तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत तेज कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिग बच्चों की खोज हेतु विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लावारिस और अज्ञात शवों की शिनाख्त में तकनीक और प्रचार-प्रसार का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  शीतला मंदिर में भगदड़: 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

बैठक में डॉ. मंजूनाथ टी.सी. एसएसपी नैनीताल,  अजय गणपति एसएसपी ऊधमसिंह नगर,  जितेंद्र चौधरी एसपी क्राइम रुद्रपुर, डॉ. जगदीश चंद्र एसपी नैनीताल, मनोज कुमार कत्याल एसपी हल्द्वानी, उत्तम सिंह एसपी सिटी रुद्रपुर, स्वप्न किशोर सिंह एसपी सिटी काशीपुर समेत दोनों जनपदों के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

Ad_RCHMCT