उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनावी वर्ष के करीब आते ही सभी प्रमुख दल अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने विभिन्न सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त 20 से अधिक पूर्व अधिकारियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत की मौजूदगी में पूर्व अधिकारियों ने कांग्रेस का दामन थामा। इस दौरान दोनों नेताओं ने नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर और फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
बताया गया कि बैंकिंग सेक्टर में करीब 40 वर्षों तक सेवाएं दे चुके पूर्व वरिष्ठ अधिकारी प्रीतम सिंह आर्या के नेतृत्व में ऑर्डनेंस फैक्ट्री, सेना समेत विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त अधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेतृत्व ने इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि विभिन्न विभागों में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले अनुभवी अधिकारियों का कांग्रेस में शामिल होना पार्टी के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों के अनुभव और प्रशासनिक समझ से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। गोदियाल ने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से आम जनता में असंतोष बढ़ रहा है और आने वाले समय में कई और पूर्व अधिकारी कांग्रेस से जुड़ेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों के पार्टी में शामिल होने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा भाजपा सरकार से परेशान है और बदलाव की ओर देख रही है, जिसके चलते लोग लगातार कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। जहां भाजपा तीसरी बार सत्ता में बने रहने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस राज्य में एक बार फिर सत्ता में वापसी की रणनीति पर काम कर रही है। इसी को देखते हुए दोनों ही दल चुनाव से पहले संगठन विस्तार और जनसमर्थन बढ़ाने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं।




