हल्द्वानी। पुलिस ने लालकुआं क्षेत्र में चलाए गए विशेष गश्त और चेकिंग अभियान के दौरान अवैध हथियार के साथ एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपद में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सभी अधीनस्थों को सघन चेकिंग अभियान चलाने और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी दिशा में SP सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांधी नगर वार्ड नंबर 2, पानी की टंकी के पास एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 01 देशी तमंचा (315 बोर) और 01 जिन्दा कारतूस बरामद हुआ।
अभियुक्त का नाम: मुदित शर्मा (19 वर्ष), पुत्र सोनू शर्मा, निवासी अम्बेडकर नगर, वार्ड नंबर 1, लालकुआं, जनपद नैनीताल।
मुदित शर्मा को उसके अपराध से अवगत कराते हुए हिरासत में लिया गया और कोतवाली लालकुआं में उसके विरुद्ध FIR No-50/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उ0नि0 शंकर नयाल, कानि0 443 कमल विष्ट और कानि0 219 दिलीप कुमार शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।




