हल्द्वानी में 21 मार्च को बड़ा आयोजन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जनपद नैनीताल भ्रमण को लेकर प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इस संबंध में सर्किट हाउस हल्द्वानी में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 21 मार्च (शनिवार) को हल्द्वानी के एमबी मैदान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

यह भी पढ़ें 👉  कार्बेट टाइगर रिजर्व: विश्व हाथी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम और IVRI का 5-दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

बैठक में आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से करें। उन्होंने विशेष रूप से पार्किंग व्यवस्था, सभा स्थल तक आमजन की सुगम पहुंच, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने मंच निर्माण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, वीआईपी एवं मीडिया के बैठने की व्यवस्था, शौचालय, आपातकालीन सेवाओं और सभा स्थल की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी व्यवस्थाएँ उच्च गुणवत्ता और समन्वित तरीके से पूरी की जाएं।

उन्होंने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टी.सी. मंजूनाथ को सैक्टरवार जिम्मेदारियां तय करने और सभी कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल टैंकर और डिस्पेंसर उपलब्ध कराने तथा मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। परिवहन विभाग को आगंतुकों के आवागमन की सुचारू व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  दैनिक जागरण के राज्य संपादक मनोज झा की माता जी का निधन: हरिद्वार खड़खड़ी श्मशान घाट पहुंचे सीएम धामी, पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

नगर निगम हल्द्वानी को नियमित साफ-सफाई अभियान चलाने और लोक निर्माण विभाग को वीआईपी मार्ग सहित सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी आयोजित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक तैयारियाँ शुरू करने को कहा गया।

यह भी पढ़ें 👉  तकनीकी शिक्षा में बड़ा बदलाव: उत्तराखंड में बनेंगे 5-6 'टेक्निकल एजुकेशन हब'; मुख्य सचिव ने दिए AI-इंडस्ट्री आधारित रोडमैप और ओवरसीज प्लेसमेंट के निर्देश

बैठक के बाद आयुक्त दीपक रावत ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान का निरीक्षण कर मंच और पंडाल निर्माण सहित सभी कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नीतिन भदौरिया, सीडीओ अरविन्द कुमार पाण्डे, सीडीओ उधमसिंह नगर दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, विवेक राय, पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्टेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, आटीओ गुरूदेव सिंह, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, रेखा कोहली, बीसी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad_RCHMCT