नैनीताल जनपद में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं कोतवाली पुलिस को सफलता मिली है। क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता चौकी पुलिस टीम ने गश्त के दौरान तिवारी नगर प्रथम, गप्ता स्थित पुल के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास प्लास्टिक के कट्टे में रखी 110 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त करते हुए आरोपी ईश्वरी प्रसाद उर्फ संजू (निवासी बिंदुखत्ता, लालकुआं) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी संख्या 170/2026 दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव जोशी सहित कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, वीरेंद्र रौतेला और दयाल नाथ शामिल रहे।




