उत्तराखंड के चर्चित IPS अधिकारी प्रहलाद नारायण मीणा को WCCB में अहम जिम्मेदारी, दिल्ली में संभाला पदभार
वन्यजीव तस्करी और संगठित अपराध नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की होगी जिम्मेदारी, 05 वर्ष की प्रतिनियुक्ति पर मिली तैनाती
उत्तराखंड कैडर के वर्ष 2012 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी श्री प्रहलाद नारायण मीणा को वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (Wildlife Crime Control Bureau-WCCB), नई दिल्ली में उप निदेशक (इंटेलिजेंस एंड कोऑर्डिनेशन) के पद पर नियुक्त किया गया है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की नॉन-सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत उन्हें 05 वर्ष की प्रतिनियुक्ति प्रदान की गई है। गृह मंत्रालय द्वारा उत्तराखंड सरकार को पत्र जारी कर उन्हें नई दिल्ली स्थित WCCB मुख्यालय में पदभार ग्रहण करने हेतु कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे।
नई जिम्मेदारी के तहत श्री मीणा देशभर में सक्रिय वन्यजीव तस्करी एवं संगठित अपराध नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनकी जिम्मेदारियों में वन्यजीव अपराध से संबंधित खुफिया सूचनाओं का संकलन एवं विश्लेषण, विभिन्न राज्यों की पुलिस, वन विभाग और केंद्रीय एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी रणनीति तैयार करना शामिल है।
उत्तराखंड में रहा महत्वपूर्ण एवं चर्चित सेवाकाल
श्री प्रहलाद नारायण मीणा का उत्तराखंड में सेवाकाल कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष रूप से चर्चित रहा है।
- बनभूलपुरा हिंसा, फरवरी 2024: नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहते हुए 08 फरवरी 2024 को हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में हुई हिंसा, पथराव एवं आगजनी के दौरान स्वयं मोर्चे पर रहकर कानून-व्यवस्था संभाली और स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई: विजिलेंस में पुलिस अधीक्षक के पद पर रहते हुए लगभग 20 माह के कार्यकाल में PCS अधिकारी सहित 11 सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध रिश्वतखोरी के मामलों में प्रभावी ट्रैप कार्रवाई की।
- ऑपरेशन रोमियो: नैनीताल जनपद में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थानों पर अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया।
- साहसिक उपलब्धि: भारतीय वायुसेना के सहयोग से लगभग 5,000 फीट की ऊंचाई से पांच बार पैरा जंपिंग कर अपने साहसिक एवं चुनौतीपूर्ण व्यक्तित्व का परिचय दिया।
फेसबुक के माध्यम से साझा किया संदेश, वन्यजीव संरक्षण के लिए आमजन से मांगा सहयोग
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने अपने फेसबुक पेज के माध्यम से संदेश साझा कर उत्तराखंड में अपने सेवाकाल के दौरान मिले स्नेह, सहयोग एवं शुभकामनाओं के लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बाबा केदारनाथ एवं देवभूमि उत्तराखंड के समस्त देवी-देवताओं के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की।
साथ ही उन्होंने आमजन से विशेष अपील करते हुए कहा कि कृषि एवं पशुपालन के अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों से संबंधित वन्यजीवों, पशु-पक्षियों, संरक्षित प्रजातियों तथा संरक्षित पेड़-पौधों, फूलों एवं जड़ी-बूटियों के अवैध व्यापार, परिवहन अथवा रख-रखाव से संबंधित कोई भी सूचना या जानकारी प्राप्त होने पर उनके साथ साझा करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि आमजन का सहयोग देश के पर्यावरण, वन्यजीवों एवं बहुमूल्य जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।




