उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम परिसर में आयोजित भव्य होली कार्यक्रम ‘रंगोत्सव’ में काशीपुरवासियों के साथ रंगों का उत्सव मनाते हुए न केवल पर्व की शुभकामनाएं दीं, बल्कि विकास और वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज विश्व पटल पर जब भी कोई बड़ा निर्णय लिया जाता है, तो दुनिया भारत के रुख का इंतजार करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत हमेशा न्याय के साथ खड़ा रहता है और सही समय पर सही निर्णय लेगा।
होली के उल्लासपूर्ण माहौल में मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊंनी होली, शास्त्रीय होली और थारू होली गायन में स्थानीय कलाकारों के साथ भाग लिया। उन्होंने बिहार से आए गायक मनोज कुमार के साथ “राम सिया राम सिया राम जय जय राम” भजन गाकर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि अपनों के बीच आकर उन्हें जो प्रसन्नता मिलती है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की होली विविधता, लोकसंस्कृति और सामाजिक सौहार्द की अनूठी परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक पहचान का आधार है। उन्होंने युवाओं से अपनी परंपराओं और लोकगीतों को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। काशीपुर से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनका बचपन और युवावस्था का एक बड़ा हिस्सा इस क्षेत्र से जुड़ा रहा है, जिससे यह शहर उनके लिए विशेष महत्व रखता है।
विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर में 133 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों को आवंटन किया जा चुका है। काशीपुर-रामनगर मार्ग को चार लेन में उन्नत करने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है तथा 3 किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का कार्य प्रारंभ हो चुका है। 150 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य जारी हैं। साथ ही 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना पर भी काम प्रगति पर है। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने चैती मेले और क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हें मानसखंड मंदिर कॉरिडोर से जोड़कर काशीपुर को आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य देवभूमि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज को जोड़ने और मतभेद भुलाने का संदेश देता है। रंग, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस रंगोत्सव ने काशीपुर में एकता, उल्लास और सांस्कृतिक समृद्धि का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया।




