उत्तराखंड में दहेज प्रताड़ना के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला चमोली जिले से सामने आया है, जहां दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की हत्या के आरोप में पुलिस ने सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को सुपुली देवी निवासी ग्राम कनोल, विकासखंड नंदानगर ने थाना थराली में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उनकी पुत्री उर्मिला का विवाह वर्ष 2023 में प्रेम सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल, थाना थराली के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही उर्मिला को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि घटना से कुछ समय पहले उर्मिला ने फोन कर ससुराल में मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया। कुछ समय बाद ग्रामवासियों के माध्यम से उर्मिला की मौत की सूचना परिजनों को मिली। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उर्मिला की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
तहरीर के आधार पर थाना थराली में मुकदमा अपराध संख्या 24/25 धारा 80(2) बीएनएस सहित अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत पंवार ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रकरण की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा की जा रही है।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, साक्ष्य संकलित किए गए और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। विवेचना के क्रम में आरोपित त्रिलोक सिंह (62 वर्ष) और उनकी पत्नी रामेश्वरी देवी (52 वर्ष), निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। चमोली पुलिस ने निष्पक्ष, त्वरित और साक्ष्य-आधारित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।




