नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआँ में उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने दुग्धशाला का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग तथा स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और दुग्ध उत्पादों के निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान आयोग उपाध्यक्ष ने आधुनिक मशीनरी के माध्यम से दूध, पनीर, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया को देखा। प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने दुग्धशाला की प्रयोगशाला में दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच प्रक्रिया की जानकारी देते हुए फैट, एसएनएफ और शुद्धता जांच की विधियों से अवगत कराया।
आँचल दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने संघ की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि संघ द्वारा प्रतिदिन बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों से दूध संग्रह किया जा रहा है। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता मानकों के पालन, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा दुग्ध उत्पादकों को समय पर भुगतान की व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर किसान आयोग उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह ने किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादकों को उत्पादन लागत, पशु आहार की महंगाई, पशु स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और समय पर भुगतान जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि किसान आयोग इन समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और इनके स्थायी समाधान के लिए सरकार स्तर पर ठोस पहल की जा रही है।
चौधरी अजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि दुग्ध उत्पादकों को उचित मूल्य दिलाना, उन्हें तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना और सहकारी संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाना आयोग की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र हल किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी रितु टम्टा, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी गीतांजलि, सहायक कृषि अधिकारी अफरोज अहमद, अमृत लाल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। दुग्ध संघ की ओर से पी. एंड आई. सुभाष बाबू, प्रभारी उत्पादन उमेश राणा, प्रभारी इंजीनियर एवं स्टोर प्रभारी खलील अहमद, राजू दुम्का, लैब प्रभारी रमेश कुमार, इंजीनियर दिनेश कुलोरा, डॉ. रमेश मेहता, एमआईएस कमलेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




