बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी, लूट की आशंका

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अल्मोड़ा के लमगड़ा ब्लॉक के सांगण साहु गांव में 60 वर्षीय गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतका के गले का गलोबंद गायब और शरीर पर चोट के निशान होने से लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गंगा देवी अकेली रहती थीं। उनका पति मोहन सिंह लमगड़ा बाजार में रेस्टोरेंट चलाते हैं और अधिकतर समय वहीं रहते हैं। जब सुबह तक गंगा देवी बाहर नहीं आईं, तो पड़ोसियों ने उनके घर जाकर देखा। दरवाजा खुला और टीवी चालू था, वहीं गंगा देवी बिस्तर पर मृत पाई गईं। घटना की जानकारी उनके पति और बेटे रविंद्र को दी गई, जिन्होंने तुरंत गांव पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें 👉   उत्तराखंड अब भूकंप जोन 6 में! राज्य के भवन नियमों में बड़े और आधुनिक बदलाव

थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक मौके पर पहुंचकर टीम के साथ प्रारंभिक जांच में जुट गए। पुलिस ने बताया कि मृतका के कान से खून बह रहा था, गले पर निशान थे और गलोबंद गायब था। घर के बाकी आभूषण सुरक्षित पाए जाने से यह आशंका है कि हत्या के पीछे लूट का मकसद हो सकता है। लेकिन घर गांव के बीच में होने और आसपास लोगों की आवाजाही के बावजूद यह वारदात हुई, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  सुप्रीम कोर्ट ने हल्द्वानी रेलवे जमीन मामले में बेदखली पर रोक से किया इनकार

एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की संभावना जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और फॉरेंसिक टीम भी मामले की जांच में मदद कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में बेटियों के खातों में 145.93 करोड़ ट्रांसफर

घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। घटना शुक्रवार की है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Ad_RCHMCT