सरकारी एक्सप्लोसिव पर हाथ साफ! चार किशोरों ने अंजाम दिया खतरनाक कांड

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में सरकारी एक्सप्लोसिव मैगजीन से विस्फोटक सामग्री चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस गंभीर वारदात को नाबालिगों ने अंजाम दिया, जिसका कर्णप्रयाग पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार विधि-विवादित किशोरों को पकड़ लिया है। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच से समय रहते एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

यह मामला चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र का है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कर्णप्रयाग के सहायक अभियंता मयंक तिवारी पुत्र ललित मोहन तिवारी ने 10 जनवरी को कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 8 जनवरी को विभागीय एक्सप्लोसिव मैगजीन की नियमित जांच के दौरान वहां सुरक्षित रखे गए 1399 डेटोनेटर और 25 मीटर फ्यूज वायर चोरी पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें 👉  नशा मुक्त उत्तराखंडः हल्द्वानी में चरस समेत दो तस्कर गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 01/2026 धारा 305(ड) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच में सामने आया कि अज्ञात चोरों ने सुनसान क्षेत्र में स्थित एक्सप्लोसिव मैगजीन का ताला पत्थरों से तोड़कर विस्फोटक सामग्री चोरी की थी। समय और तिथि की स्पष्ट जानकारी न होने से मामला चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का भी सहारा लिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: नशे में टल्ली युवकों ने मचाया कहर, पुलिस से भी की हाथापाई

तकनीकी जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में चार नाबालिग किशोर पंचपुलिया क्षेत्र की ओर थैले ले जाते हुए नजर आए। मुखबिरों की मदद से उनकी पहचान की गई और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में किशोरों ने स्वीकार किया कि उन्होंने दोपहर करीब 12:30 बजे मैगजीन का ताला तोड़कर डेटोनेटर और फ्यूज वायर चोरी किए थे और बाद में उन्हें नदी में मछली मारने तथा अन्य स्थानों पर पटाखों की तरह फोड़ दिया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

आरोपियों की निशानदेही पर 15 जनवरी को पंचपुलिया नगर पालिका डंपिंग जोन के नीचे नदी किनारे से 239 डेटोनेटर और एक बंडल फ्यूज वायर बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ फ्यूज तारों को आग में जलाकर नष्ट कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल: कई अफसरों के ट्रांसफर, कई प्रमोट

चारों विधि-विवादित किशोरों को धारा 305(ड)/331(3)/317(2)/3(5) बीएनएस के तहत संरक्षण में लेकर किशोर न्याय बोर्ड, गोपेश्वर के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विस्फोटक सामग्री से जुड़े अपराध बेहद गंभीर हैं और इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ने जांच टीम की सराहना करते हुए उन्हें 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।

Ad_RCHMCT