नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की पहल पर हल्द्वानी के गैस गोदाम रोड स्थित 13वें आंचल मिल्क पार्लर का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। उत्तरायणी कौतिक मेला एवं मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि एवं हल्द्वानी के महापौर गजराज बिष्ट ने फीता काटकर पार्लर को जनता के लिए खोल दिया।
नवस्थापित आंचल मिल्क पार्लर के माध्यम से आमजन को आंचल ब्रांड के शुद्ध एवं उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें दूध, घी, पनीर, लस्सी, छाछ, नमकीन मट्ठा, छैना, रबड़ी सहित अन्य दुग्ध पदार्थ शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि आंचल ब्रांड आज गुणवत्ता और विश्वास का प्रतीक बन चुका है। यह न केवल उपभोक्ताओं को शुद्ध उत्पाद उपलब्ध करा रहा है, बल्कि दुग्ध उत्पादकों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रहा है। उन्होंने दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में संघ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में दुग्ध उत्पादन एवं विपणन व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि नैनीताल जनपद में अब तक 12 आंचल मिल्क पार्लर सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं और 13वें पार्लर के शुभारंभ के साथ संघ का विस्तार और सशक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर निगम से भूमि आवंटन मिलने के बाद तीन माह के भीतर एक भव्य एवं ऐतिहासिक आंचल आउटलेट की भी शुरुआत की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री एवं दुग्ध विकास मंत्री के निर्देशों के अनुरूप आंचल ब्रांड के उत्पादों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पार्लर में 800 लीटर क्षमता वाले दो आधुनिक फ्रिज लगाए गए हैं, जिनमें दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में रखा जा रहा है।
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद अमित बिष्ट, सुरेंद्र मोहन, दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, डिपो प्रभारी हेमंत पाल सहित दुग्ध संघ के अधिकारी, कर्मचारी, दुग्ध उत्पादक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




