उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार आम जनमानस को सरकार की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बुधवार को पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की।
शिविर में बिजली, सड़क, पेयजल, पार्किंग, कूड़ा निस्तारण, अतिक्रमण, सिंचाई और शिक्षा से संबंधित 183 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। डीएम ने जिला विकास प्राधिकरण, सिंचाई, पुलिस, आबकारी, विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
विशेष तौर पर, अवैध नशे के कारोबार, अतिक्रमण, कोसी नदी का भू-कटाव, झूलते बिजली के तार और सड़क पर ब्लैक स्पॉट जैसी शिकायतों पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। शिक्षा क्षेत्र में प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति, सोलर प्लांट सब्सिडी, और ग्राम प्रधानों के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
शिविर के दौरान नगर पालिका, जल संस्थान, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सहकारिता, समाज कल्याण, कृषि और बाल विकास विभाग ने नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी, कुल 442 लोगों का उपचार या सहायता उपलब्ध कराई और 67 राजस्व प्रमाण पत्रों का निस्तारण किया।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का मौके पर समाधान नहीं हुआ, उन्हें संबंधित विभागवार निस्तारित किया जाए और आम जनता को संतुष्टि सुनिश्चित हो। शिविर में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, चेयरमैन हाजी मोहम्मद अकरम, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




