अधिकारियों ने रात में किया औचक निरीक्षण, चारधाम यात्रा की तैयारियों में पकड़ी खामियां 

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। यात्रा से पहले रुद्रप्रयाग जिले में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए देर रात प्रशासन ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने किया। निरीक्षण में जिले के अधिकारियों ने सड़कों, सफाई, होटल-रेस्टोरेंट, परिवहन और बाजार व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। कई जगहों पर लापरवाही और व्यवस्थाओं में खामियां सामने आईं।

जिलाधिकारी ने रुद्रप्रयाग से कुंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग और चल रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्य विकास अधिकारी ने रुद्रप्रयाग से सुमेरपुर तक सफाई और शौचालय व्यवस्थाओं की जांच की। मुख्य बाजार में यूरिनल में पानी की कमी और दुर्गंध मिलने पर तत्काल सुधार के आदेश दिए गए। सड़कों के किनारे नालियों में जमा कचरे पर नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई के निर्देश भी जारी किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  युवती से मारपीट के बाद फरार युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी

एसडीएम रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ और जखोली ने बाजार और शराब दुकानों की जांच में ओवर रेटिंग के कई मामले पकड़े। अपर जिलाधिकारी ने तिलवाड़ा क्षेत्र में शराब दुकानों की ओवररेटिंग की जांच की। कुछ रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पर जब्त किए गए। अलग-अलग तहसीलों में एसडीएम और तहसीलदारों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, सड़कों और दुकानों का निरीक्षण कर निर्धारित दरों के पालन को सुनिश्चित किया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में बड़ा खुलासा: जाति छुपाकर की गई जमीन डील रद्द

परिवहन विभाग ने सुमेरपुर और तिलणी क्षेत्र में वाहनों की जांच की, जिसमें 28 वाहनों में से 11 का चालान किया गया। कई वाहनों में परमिट, टैक्स, बीमा और ओवरलोडिंग से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं। जिला पर्यटन विभाग ने तिलवाड़ा से अगस्त्यमुनि के बीच होटल और होमस्टे का निरीक्षण किया। एक होटल बिना पंजीकरण और घरेलू गैस का अवैध उपयोग करते पाया गया। सिल्ली क्षेत्र में दो अपंजीकृत होमस्टे भी नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए।

यह भी पढ़ें 👉  निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में खनन क्षेत्र ने बनाया नया कीर्तिमान  

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य यह है कि देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और वे उत्तराखंड की यात्रा से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।

Ad_RCHMCT