रामनगर: बाघ ने व्यक्ति पर हमला कर जंगल में घसीटा, अधखाया शव बरामद

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामले लगातार सामने आ रहे हैं और इससे स्थानीय लोगों में डर और दहशत बनी हुई है। ताजा घटना कुमाऊं मंडल के रामनगर में सामने आई। कॉर्बेट से सटे नए बायपास पुल क्षेत्र में देर शाम एक बाघ ने व्यक्ति पर हमला किया और उसे सड़क से उठाकर जंगल के अंदर ले गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में रातभर दहशत: पुलना गांव में बोल्डर गिरने से घरों को नुकसान

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण रात में खोज अभियान रोकना पड़ा।

सुबह फिर से वन विभाग की टीम ने सघन सर्च अभियान चलाया। फायरिंग और बम पटाखों की आवाज के बीच बाघ के पगचिह्नों का पीछा करते हुए लगभग दो किलोमीटर जंगल के भीतर खोज की गई। इसी दौरान व्यक्ति का अधखाया शव बरामद हुआ। वन विभाग के अनुसार, केवल सिर बरामद हुआ है, जबकि बाकी शरीर के अंग बाघ द्वारा खा लिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री धामी ने किया बैडमिंटन क्लब की स्मारिका “प्रयास बेहतर कल के लिए” का विमोचन

रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों में लोगों को जंगल की ओर न जाने की चेतावनी दी गई है और क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Ad_RCHMCT