उत्तराखंड से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। ठंड से बचने के लिए घर में जलाई गई अंगीठी मासूम की जान ले गई। नई टिहरी स्थित सीआईएसएफ कॉलोनी में बंद कमरे में अंगीठी के धुएं से चार साल की बच्ची दम घुटने से मरी, जबकि उसकी मां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। इस घटना ने परिजनों और कॉलोनी में कोहराम मचा दिया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह काफी देर तक सीआईएसएफ सिपाही गणेश पालवे के घर का दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों को यह असामान्य लगा और जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची टीम ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। बिस्तर पर बच्ची आर्या और उसकी मां मोनिका बेहोश पड़ी मिलीं। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार साल की आर्या को मृत घोषित कर दिया। मोनिका की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
पुलिस ने जांच में बताया कि कमरे में किसी तरह का विषाक्त पदार्थ या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। केवल अंगीठी मौजूद थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि धुएं के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ। घटना के समय पिता गणेश पालवे देहरादून में इलाज के लिए गए हुए थे।
पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। प्रशासन ने कॉलोनी के लोगों से अपील की है कि ठंड के मौसम में बंद कमरे में अंगीठी या अन्य धुएं वाले उपकरणों का इस्तेमाल करते समय पूरी सावधानी बरतें।




