उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रामपुर रोड स्थित देवलचौड़ चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया।
मृतक की पहचान नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक के हरतपा गांव निवासी अनिल रौतेला के रूप में हुई है। वह हल्द्वानी में किराए पर रहकर एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात वह किसी काम से देवलचौड़ क्षेत्र गया हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने अनिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों ने बताया कि रात करीब 9 बजे अनिल टीपी नगर चौकी के पास एक फास्ट फूड सेंटर पर मोमो खाने गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर (यूए 04 डी 4346) ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसके पेट और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और अपने परिवार का सहारा माना जाता था। उसके माता-पिता गांव में खेती-किसानी करते हैं। बेटे की असमय मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वाहन को सीज कर दिया गया है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई जारी है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।




