उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला टिहरी गढ़वाल जिले के नैनबाग तहसील क्षेत्र से सामने आया है, जहां ऐन्दी मोटर मार्ग पर फफरोग के पास एक बाइक सवार युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार खैराड़ गांव निवासी 30 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र चुनखु 24 दिसंबर की शाम करीब 6:30 बजे नैनबाग से अपने घर के लिए निकले थे। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
अगले दिन 25 दिसंबर की सुबह नैनबाग-ऐन्दी मोटर मार्ग पर चिलामू फफरोग के पास स्थानीय लोगों ने सड़क से नीचे खाई में गिरी बाइक देखी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तब तक अनिल कुमार की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। नैनबाग पुलिस चौकी प्रभारी राम नरेश शर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ग्राम प्रधान प्रदीप कवि ने बताया कि अनिल कुमार परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




