उत्तराखंड–नेपाल सीमा पर दर्दनाक बस हादसा: 13 बारातियों की मौत, 34 गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड सीमा से सटे झूलाघाट क्षेत्र के पास नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार (5 फरवरी) देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बस बारातियों को लेकर नेपाल के बैतड़ी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका–7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी। देर रात पुरचुंणी के बड़गांव मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी पुलिस का बड़ा एक्शन: 27 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार 

हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, प्रहरी और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डडेलधुरा अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  सड़क पर डांस बना बवाल, दो भाइयों ने पुलिस पर किया हमला

जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 5 बारातियों की डडेलधुरा अस्पताल और 2 की कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतकों में बजांग जिले के बित्थड चीर गांव, केदारस्यु गांव और जय पृथ्वी नगरपालिका क्षेत्र के निवासी शामिल हैं, जबकि कुछ मृतक बैतड़ी जिले के पुरचुंणी नगरपालिका के रहने वाले बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉    हल्द्वानी में राजनाथ सिंह बोले: ‘धाकड़ और धुरंधर’ हैं मुख्यमंत्री धामी!

प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण बस की ओवरलोडिंग सामने आया है। बताया गया कि अधिक सवारियां होने के कारण बस चढ़ाई पर नियंत्रण खो बैठी और खाई में जा गिरी।

हादसे में बस चालक विरेंद्र बुढा (निवासी भीमदत्त नगरपालिका–7, कंचनपुर) को मामूली चोटें आई हैं। इलाज के बाद उसे प्रहरी ने अपने नियंत्रण में ले लिया है। फिलहाल प्रशासन द्वारा हादसे की जांच की जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है।

Ad_RCHMCT