उत्तराखंड – राज्य में ततैयों के हमले से एक युवक की मौत हो गयी जबकि कुछ लोग घायल हो गये।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य के गंगोलीहाट के रावलगांव में ततैयों के हमले में एक युवक की मौत हो गई जबकि चार से पांच लोग व अनेक पशु घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गंगोलीहाट के रावल गांव के कुछ ग्रामीण खेत पर काम कर रहे थे। उनके पशु भी आसपास ही चर रहे थे। इसी बीच ततैयों के समूह ने उन पर हमला बोल दिया। ततैयों के हमले में रावल गांव निवासी 25 वर्षीय रवि, 45 वर्षीय विनोद रावल उसकी 38 वर्षीय पत्नी रेखा, उनका 14 वर्षीय बेटा हेमू और गांव का ही एक अन्य युवक 27 वर्षीय भूपेश बुरी तरह से घायल हो गए। उनके पशुओं पर भी ततैयों ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया।
घायल लोगों को ग्रामीण तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रवि, रेखा और भूपेश को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। जहां पहुंचने से पहले रवि ने दम तोड़ दिया। जबकि महिला रेखा और भूपेश का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। जबकि विनोद और उसके बेटे हेमू का सीएचसी में ही उपचार किया जा रहा है। एक युवक की मौत से ग्रामीणों मे शोक की लहर है तथा युवक के परिवार में कोहराम मच गया है।


