रामनगर -मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों में धांधली का आरोप लगाते हुए पूर्व ग्राम प्रधान ने विकास खंड कार्यालय रामनगर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। धरना स्थल पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि इंदर रावत के आश्वासन पर पूर्व प्रधान ने धरना स्थगित करते हुए उक्त मामलों में जांच कराने की मांग की है। शनिवार को ग्राम बसई के पूर्व प्रधान शेखर चंद्र विकास खंड कार्यालय में धरने पर बैठे।उन्होंने आरोप लगाया कि उनके गांव में मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों में विकासखंड के अधिकारियों को कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से धांधली की जा रही है। जिसको लेकर उन्होंने पूर्व में भी विकास खंड कार्यालय व मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया था। उनका कहना है कि मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मामले में जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में किए जाने वाले कार्यों में वर्क ऑर्डर करने के बाद जिओ टैकिंग होती थी लेकिन आज यह सब कुछ नहीं किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों पर अपना उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है। मामले में सांसद प्रतिनिधि इंदर रावत ने उक्त मामलों में जांच कराने का आश्वासन देते हुए पूर्व प्रधान का अनिश्चितकालीन धरना स्थगित करा दिया है।वहीं पूर्व प्रधान चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह फिर से धरना और आंदोलन करने को बाध्य होंगे।




