बिग ब्रेकिंग:-काशीपुर मे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करोड़ो रुपये की 102 योजनाओं का किया शिलान्यास तथा 11 योजनाओं का किया लोकार्पण

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर पहुॅचकर 287.36 करोड़ की 102 योजनाओं का शिलांन्यास तथा 67.91 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा भाजपा जिला कार्यालय काशीपुर का भूमि पूजन व शिलांयास किया।

उन्होंने कहा कि हमारे लिए बड़ी खुशी का दिन है,क्योंकि आज जहां एक ओर मां बाल सुंदरी देवी के आशीर्वाद और आप सभी की सेवा, समर्पण और पार्टी के प्रति सच्ची निष्ठा के बल पर कार्यालय का भूमि पूजन संपन्न हुआ वहीं जल निगम, जल संस्थान एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 287.36 करोड़ से अधिक की 102 योजनाओं का शिलान्यास तथा जल निगम, जल संस्थान ग्रामीण निर्माण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 67.91 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्र में विकास के एक नए युग का सूत्रपात होगा।

उन्होंने कहा कि हमारे प्रेरणापुंज व एकात्म मानववाद के विचार से सम्पूर्ण विश्व को आलोकित करने वाले महान विचारक स्व.दीनदयाल उपाध्याय जी तथा अपनी आदर्श छवि एवं विशिष्ट बौद्धिकता से सम्पूर्ण विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाने वाले भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को भी नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि अपनी योग्यता व क्षमता के बल पर पोस्टर चिपकाने वाला व्यक्ति भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है और मुझ जैसा सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति प्रदेश का मुख्य सेवक बन सकता है। क्योंकि हम राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय तथा व्यक्ति अंतिम के सिद्धांत का अनुसरण करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश में आदरणीय प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर जिस ’’नव भारत’’ के निर्माण के यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है उसमें हम सभी ने अपने श्रम की आहुति देनी है तथा ’’एक भारत’’ और ’’श्रेष्ठ भारत’’ के महासंकल्प को साकार करना है। हमारा देश आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश कर चुका है और आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल व ऊर्जावान नेतृत्व में देश में अमृत युग प्रारंभ हो चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन के साथ एक तस्कर को किया गिरफ्तार

आदरणीय प्रधानमंत्री जी के दिशा निर्देशन में एक ओर जहां भारत राष्ट्रीय स्तर पर विकास की नई-नई ऊंचाईयों को छू रहा है, वहीं वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर देश के रूप में एक नई पहचान प्राप्त कर रहा है। आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में एक नए भारत की नींव रखी जा रही है। ऐसी नींव जिसमें नया भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। ऐसी नींव जिसमें हर वर्ग का विकास सुनिश्चित हो रहा है।

ऐसी नींव जिससे भारत पुनः विश्व गुरू बनेगा। ऐसी नींव जिसमें राम मंदिर सहित अन्य पौराणिक मंदिरों का जीर्णाेद्वार हो रहा है।ऐसी नींव जिसमें हमारी सेना सशक्त और शक्तिशाली बन रही है। ऐसी नींव जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। ऐसी नींव जिसमें अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा हैं। ऐसी नींव जिसमें प्राचीन शिक्षा पद्धति और आधुनिक शिक्षा पद्धति के समिश्रण से बनी नई शिक्षा नीति का अनुसरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश के गौरवमय मार्ग को प्रशस्त करने के लिए जिस ’’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ का मंत्र दिया है उसने देश की राजनीति की दिशा और दशा को बदलने का कार्य किया है। आज लोग जाति, क्षेत्र, पंथ, मजहब से ऊपर उठकर केवल विकास के लिए मताधिकार का प्रयोग करते हैं। प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारंभ की गई गरीब कल्याण योजनाओं ने अंतिम पायदान पर खड़े हुए प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले केवल योजनाएं बनाई जाती थी, परन्तु अब योजनाएं भी बनाई जाती हैं और उनको लागू भी किया जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  बड़ी खबर-छोई ग्रामीण क्षेत्र को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान से बाहर करने की मांग, विधायक को सौंपा ज्ञापन

इसी तरह देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए जहां बड़ी-बड़ी योजनाओं का आदरणीय प्रधानमंत्री जी द्वारा शिलान्यास किया जाता है, वहीं उनका उद्घाटन भी किया जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में आदरणीय प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में देश जहां विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, वहीं वैश्विक कूटनीति के मंच पर भी विश्व में भारत अग्रणी देशों में गिना जाता है, रूस और यूक्रेन युद्ध के समय हमारे द्वारा उठाए गए कदमों से यह बात परिलक्षित होती है। ’’अंत्योदय के साथ-साथ ’’सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’’ का मंत्र आज देश की मूल प्रेरणा बन चुका है। आदरणीय प्रधानमंत्र जी के दिशा निर्देशन में जिस प्रकार आज हम सदियों से तिरस्कृत किये गये अपने तीर्थ क्षेत्रों को विकसित और आधुनिक बना रहे हैं, वह ’’भूतो न भविष्यति’’ है।

उन्होंने कहा कि यह स्वर्णिम कालखंड भारत की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक चेतना के पुनरोत्थान का कालखंड है और आज का नया भारत पुनः विश्वगुरु के स्थान पर आरूढ़ होने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। आज केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से हमारा प्रदेश भी सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की दौड़ में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। हमने उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का जो ’’विकल्प रहित संकल्प’’ लिया है, उसके लिए हम निरंतर कार्यरत हैं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर किए गए प्रहार से लेकर समान नागरिक आचार संहिता, धर्मांतरण कानून, महिला आरक्षण, भू-कानून, देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाने, लैंड जिहाद और गरीबों को तीन निःशुल्के सिलेंडर देने जैसे कठिन मुद्दों पर हमारे द्वारा उठाए गए ’’ऐतिहासिक कदम’’ इस बात का प्रमाण हैं कि आज हमारी सरकार प्रदेश हित में ऐसे मुद्दों पर भी निर्णय लेने का कार्य कर रही है, जिन मुद्दों को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़ को मिली बड़ी सौगात: नैनीसैनी एयरपोर्ट के उच्चीकरण को मिली मंजूरी

उन्होंने कहा कि 22 वर्ष का युवा उत्तराखंड, अब नए जोश और नई उमंग के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमें आज यह संकल्प लेना है कि हम बाबा केदार की धरती से आदरणीय प्रधानमंत्री जी द्वारा कहे गए कथन ’’21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा’’ को चरितार्थ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वास दिलाता हूं कि एक नई कार्य संस्कृति और सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के मंत्र को लेकर हमारी सरकार प्रदेश में पूर्ण सुशासन स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

  

इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज के लोकार्पण और शिलान्यास से निश्चित ही विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आने वाले समय में लोगों की आवश्यकताओ की पूर्ति होगी। पेयजल की योजनाओ के शिलान्यास और लोकार्पण से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओ को बल मिलेगा और आमजन के घरों तक आसानी से पेयजल मिल पायेगा। प्रदेश में ऐसे बहुत सारे स्थान हैं जहां के लिए योजनाएं बनी हैं वह संचालित की जायेंगीं।

कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मेहन्द्र भट्ट, भाजपा अध्यक्ष गुंजन सुखीजा ने भी अपने-अपने विचार रखे।

इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, आदेश सिंह चौहान, अरविन्द पाण्डे, पूर्व विधायक डॉ.शैलेन्द्र मोहन सिंघल, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, राकेश तिवारी,सहित विकास शर्मा, राजेश कुमार, गुरविन्दर सिंह चण्डोक, खिलेन्द चौधरी, राम महरोत्रा, अभिषेक गोयल, मोहन बिष्ट आदि उपस्थित थे।

Ad_RCHMCT