अद्भुत नजारा…..
सोमवार शाम कुछ देर के लिए दिखे नजारे को लोगों ने कैमरे में कैद किया
सीतापुर, हरदोई, कानपुर समेत कई जिलों के लोगों ने देखा यह दृश्य
कानपुर। मध्य उप्र के कई जिलों में सोमवार शाम से रात तक आसमान पर विचित्र रोशनी की कतार देखने की चर्चा छायी रही। खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताने वालों ने कहा कि यह चमकदार टुकड़ों की ट्रेन के डिब्बों जैसी लाइन थी जो धीमी गति से आगे बढ़ रही थी। कुछ देर बाद यह आसमान से गायब हो गई। कई लोगों ने इस रोशनी का वीडियो भी बनाने का दावा किया। कई तरह के वीडियो देर रात वायरल हो गए।

हरदोई में सोमवार देर शाम यह रोशनी दिखी। पाली कस्बे के अमित कुमार ने बताया कि वह घर के पास मौजूद थे, तभी बच्चे आसमान की तरफ देखकर शोर मचाने लगे। वे सफेद चिडि़यों के उड़ने की बात कर रहे थे। उसने भी देखा तो क्रम से जाती सफेद रोशनी दिखी। उसने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाया। नौ सेकेन्ड का वीडियो ही बन सका, उसके बाद रोशनी लुप्त हो गई। उसने मोहलले के अन्य लोगों को यह बात बताई। वीडियो दिखाया। पाली के ही मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि कुछ पल के लिए उसने भी यह रोशनी देखी। उसने समझा की सफेद रोशनी के साथ राकेट जा रहे हैं। कस्बा बिलग्राम इलाके में भी इस तरह की रोशनी देखी गई। कोई इसे खगोलीय घटना तो कोई सेटेलाइट बताता रहा। औरैया, कन्नौज, इटावा और सीतापुर में भी इसे देखने का दावा करने वाले लोग हैं।
फर्रुखाबाद के कायमगंज में इसे देखने का दावा हुआ। इटावा के कचौरा रोड के राजा का बाग, बसरेहर में लोगों ने बताया कि उन्हें नारंगी तारों की लाइन दिखाई दी।
सीतापुर के अक्षत तिवारी, रेखा तिवारी ने कहा कि शाम 6:43 बजे कमलापुर कस्बे के ऊपर चमकीली लाइट की एक बीम दिखी। यह बिल्कुल रेलगाड़ी जैसी दिख रही थी। यह रोशनी बेहद चमकदार व सफेद थी। हमने पहली बार इस तरह का नजारा देखा है। पूरे पांच मिनट तक यह दिखाई दिया और फिर यह रोशनी गायब हो गई।
दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा रही। कुछ लोगों ने इसका वीडियो नासा और इसरो को भी ट्वीट किया। कुछ ने लिखा कि यह सैटेलाइट की पंक्ति है। फरवरी में पंजाब में भी ऐसी रोशनी देखी गई थी, जिसे बाद में सैटेलाइट की रोशनी बताया गया था।
स्टारलिंक सैटेलाइट
दुनिया के कई हिस्सों में देखी जा रही यह रोशनी स्टारलिंक के सैटेलाइट की बताई जा रही है। दरअसल, स्टारलिंक सैटेलाइट अमेरिका के मशहूर उद्योगपति एलन मस्क की स्पेस एजेंसी स्पेसएक्स की एक सैटलाइट चेन है। यह धरती की लोअर ऑर्बिट में चक्कर लगाती है, जो आकाश में उड़ती ट्रेन जैसे नजर आती है। इसके जरिए स्टारलिंक भारत में भी इंटरनेट सेवा मुहैया कराने वाली है।


